Lok Ground Talks Mediaa

Lok Ground Talks Mediaa
India’s Leading Hindi News Platform

Available On
Instagram | Facebook | YouTube

Follow करें पूरे भारत की सच्ची ग्राउंड रिपोर्ट्स और जनहित खबरों के लिए


Lok Ground Talks Mediaa

गुरुग्राम में रिटायर्ड कर्नल से 2.50 करोड़ की ठगी: रिश्तेदार ने 3 गुना मुनाफे का लालच देकर फंसाया

गुरुग्राम में फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर एक रिटायर्ड कर्नल से करीब ढाई करोड़ रुपये की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। ठगी का आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि पीड़ित के ही परिचित पर लगा है, जिसने 3 गुना मुनाफे का लालच देकर यह रकम निवेश के नाम पर हड़प ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चकरपुर, डीएलएफ फेज-2 निवासी रिटायर्ड कर्नल विमल नारंग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके परिचित सागर राज ने उनसे संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को एक निजी कंपनी का डायरेक्टर बताते हुए फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कराने की बात कही। उसने दावा किया कि उसकी कंपनी कम समय में निवेशकों को तीन गुना तक मुनाफा दिला रही है।

कर्नल नारंग के अनुसार, आरोपी ने उन्हें कई कथित निवेशकों के मुनाफे के स्क्रीनशॉट भी दिखाए। भरोसा दिलाने के लिए कहा गया कि यह पूरी तरह सुरक्षित निवेश है और पैसा कभी नहीं डूबेगा। इन बातों में आकर कर्नल नारंग ने अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन माध्यम से आरोपी को बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी।

पीड़ित ने बताया कि हाल ही में उन्होंने अपना एक फ्लैट बेचा था, जिससे उन्हें करीब डेढ़ करोड़ रुपये मिले थे। आरोपी के झांसे में आकर उन्होंने यह रकम भी निवेश में लगा दी। शुरू में आरोपी लगातार संपर्क में रहा और मुनाफा होने की बात करता रहा, लेकिन जब कर्नल नारंग ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो कोई भुगतान नहीं किया गया।

इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और मैसेज का भी जवाब नहीं दिया। खुद को ठगा महसूस होने पर कर्नल नारंग ने पुलिस से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-29 थाना और आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद केस दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सुनियोजित ठगी का प्रतीत होता है। आरोपी के बैंक खातों, ट्रांजेक्शन डिटेल और अन्य निवेशकों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निवेश से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें और ज्यादा मुनाफे के लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई जोखिम में न डालें।

2 months ago | [YT] | 0

Lok Ground Talks Mediaa

विधायक मुकेश शर्मा जी ने वार्ड 29 की नई आबादी में नई जल आपूर्ति लाइन का शुभारंभ किया।

गुरुग्राम, 4 फरवरी: गुरुग्राम के वार्ड नंबर 29 के नई आबादी क्षेत्र में आज जल आपूर्ति व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गुरुग्राम विधायक श्री मुकेश शर्मा ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए नई पानी की लाइन का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर वार्ड की पार्षद उषा वर्मा, अर्जुन मंडल अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा सहित वार्ड के अनेक सम्मानित, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक एवं जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

शुभारंभ अवसर पर विधायक श्री मुकेश शर्मा ने कहा कि जनता को स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विकसित गुरुग्राम के संकल्प के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में जल, सड़क, सीवर और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेज़ी से कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों ने वार्डवासियों के सहयोग, विश्वास और सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी तरह विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

2 months ago | [YT] | 0

Lok Ground Talks Mediaa

हरियाणा युवा कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय ‘गुरु कमल’ का किया घेराव




गुरुग्राम। हरियाणा युवा कांग्रेस की ओर से बुधवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय ‘गुरु कमल’ के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह विशाल विरोध प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की नीतियों तथा संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने से रोके जाने के विरोध में आवाज बुलंद करना था।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि संसद में पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे की पुस्तक और गलवान घाटी से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी को बोलने से रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। युवा कांग्रेस नेताओं का कहना था कि सरकार इन संवेदनशील विषयों पर चर्चा से बचकर अपनी जवाबदेही से पीछे हट रही है।

दोपहर करीब 12:30 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हाथों में तख्तियां लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान गलवान घाटी में शहीद हुए भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सरकार से सच्चाई सामने लाने की मांग की गई।

प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार देश की सुरक्षा और सैनिकों के सम्मान जैसे गंभीर मुद्दों पर भी गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि जनरल नरवणे की किताब पर रोक लगाना और संसद में सवालों से बचना सरकार की कमजोर मानसिकता को उजागर करता है। युवा कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और देशहित की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने ऐलान किया कि यह आंदोलन यहीं समाप्त नहीं होगा। आगामी 17 फरवरी को युवाओं से जुड़े मुद्दों और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) कार्यालय, पंचकूला का घेराव किया जाएगा।

इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से अभिषेक यादव (जिला अध्यक्ष, गुरुग्राम शहरी), मोबीन खान (जिलाध्यक्ष, मेवात), इमरात उल्लावास, हारिस बिसरू, मोहित तंवर, सुनील कटारिया, विक्रम कटारिया एवं सहदेव सहित अनेक युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

2 months ago | [YT] | 2

Lok Ground Talks Mediaa

गुरुग्राम में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 की तैयारियों को लेकर क्षमता विकास प्रशिक्षण सत्र हुआ आयोजित

निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में साहस एनजीओ की टीम ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 के फ्रेमवर्क, प्रमुख इंडिकेटर्स और सत्यापन पद्धति की विस्तृत समझ विकसित करने पर दिया जोर

गुरुग्राम, 3 फरवरी। नगर निगम गुरुग्राम में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से एक विशेष क्षमता विकास सत्र आयोजित किया गया। यह सत्र निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में सेक्टर-34 स्थित एमसीजी कार्यालय में आयोजित हुआ। सत्र का उद्देश्य शहर की तैयारियों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और आगामी सर्वेक्षण के लिए रणनीतिक दिशा तय करना था।

स्वच्छ सर्वेक्षण के ढांचे और सत्यापन प्रक्रिया पर फोकस

इस नेतृत्व सत्र में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 के फ्रेमवर्क, प्रमुख इंडिकेटर्स और सत्यापन पद्धति की विस्तृत समझ विकसित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को यह बताया गया कि किस प्रकार ऑन-ग्राउंड कार्यों, दस्तावेजी साक्ष्यों और नागरिक सहभागिता के आधार पर अंक प्रदान किए जाते हैं।

गुरुग्राम की मौजूदा तैयारियों की समीक्षा

बैठक के दौरान अधिकारियों और प्लानिंग टीम ने शहर की वर्तमान स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन प्रणाली, फील्ड लेवल चुनौतियों और सुधार की संभावनाओं पर चर्चा की। अनुभवों के आधार पर यह समझने का प्रयास किया गया कि किन क्षेत्रों में गुरुग्राम मजबूत स्थिति में है और किन क्षेत्रों में त्वरित सुधार की आवश्यकता है।

उच्च प्रभाव वाले त्वरित कार्यों की पहचान

सत्र में सामूहिक चर्चा के माध्यम से कुछ ऐसे हाई-इम्पैक्ट कार्यों की पहचान की गई जिन्हें कम समय में लागू कर स्वच्छ सर्वेक्षण के परिणामों पर सकारात्मक प्रभाव डाला जा सकता है। इसमें स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, सफाई निगरानी की मजबूती, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और नागरिक जागरूकता बढ़ाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग की भूमिका पर चर्चा

बैठक में गार्बेज फ्री सिटी फ्रेमवर्क की भूमिका पर भी विशेष चर्चा की गई। बताया गया कि जीएफसी रेटिंग न केवल स्वच्छ सर्वेक्षण के अंकों को बढ़ाने में मदद करती है, बल्कि शहर की समग्र स्वच्छता और कचरा प्रबंधन प्रणाली को टिकाऊ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

सहभागिता आधारित सत्र, समूह गतिविधियों पर जोर

पूरा सत्र चार मुख्य भागों में विभाजित रहा, जिसमें प्रस्तुति, समूह अभ्यास, सामूहिक विचार-विमर्श और प्राथमिकता निर्धारण शामिल रहे। यह पारंपरिक बैठक के बजाय एक इंटरैक्टिव वर्किंग सेशन के रूप में आयोजित किया गया, जिससे अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हुई।

सत्र का संचालन साहस एनजीओ प्रतिनिधियों ने किया

इस सत्र का संचालन स्वच्छता और कचरा प्रबंधन क्षेत्र में कार्यरत संस्था साहस एनजीओ प्रतिनिधियों द्वारा किया गया। सलाहकार सोनिया गार्गा और प्रोजेक्ट मैनेजर रुखसार गौरी ने अधिकारियों को तकनीकी पहलुओं और जमीनी कार्यप्रणाली की समझ प्रदान की।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 में बेहतर प्रदर्शन के लिए जमीनी स्तर पर ठोस सुधार जरूरी हैं। हमारा लक्ष्य केवल रैंकिंग नहीं, बल्कि गुरुग्राम को वास्तव में स्वच्छ और बेहतर शहर बनाना है। उन्होंने कहा कि यह सत्र गुरुग्राम को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। निगम प्रशासन अब चिन्हित प्राथमिकताओं पर तेजी से कार्यान्वयन की दिशा में आगे बढ़ेगा।

2 months ago | [YT] | 0

Lok Ground Talks Mediaa

मोदी सरकार 3.0 द्वारा पेश किया गया बजट केवल एक वित्तीय दस्तावेज़ नहीं, बल्कि विकसित भारत की तस्वीर पेश करता है – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

16वें वित्त आयोग की अवधि में हरियाणा को करीब एक लाख करोड़ रुपये केंद्रीय करों से प्राप्त होंगे

केंद्रीय बजट से हरियाणा को मिलने वाले लाभ के पहलुओं को मुख्यमंत्री ने रखा सामने

बजट में विकसित भारत के स्तंभ गरीब, युवा, महिला और किसान को केंद्र में रखा गया: मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 4 फरवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही 3.0 केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में पेश किया गया दूसरा बजट केवल एक वित्तीय दस्तावेज़ नहीं है, बल्कि यह उस भारत की तस्वीर पेश करता है जो आत्मनिर्भर है, प्रतिस्पर्धी है और सामाजिक रूप से संवेदनशील भी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह बजट ‘विकास भी, विश्वास भी’ के सिद्धांत पर आधारित है और हरियाणा जैसे अग्रणी राज्य के लिए इसमें अपार अवसर निहित हैं।

मुख्यमंत्री बुधवार को हरियाणा निवास पर पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान केंद्रीय बजट 2026–27 की भावना, दिशा और उसके महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपनी बात रखते हुए केंद्र सरकार के बजट का हरियाणा पर पड़ने वाले प्रत्यक्ष प्रभावों को भी बताया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह बजट उस भारत की सोच को दर्शाता है, जहां विकास का मतलब केवल बड़े शहर नहीं, बल्कि गांव, किसान, महिला, युवा और श्रमिक भी हैं। जहां, अर्थव्यवस्था मजबूत हो, लेकिन समाज का अंतिम व्यक्ति भी सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे।

उन्होंने कहा कि इस बजट में विकसित भारत के स्तंभ गरीब, युवा, महिला और किसान को केंद्र में रखा गया है। और यही प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में हमारी विकास नीति का भी मूल मंत्र है। इस बजट का मूल उद्देश्य है, संदेह के स्थान पर एक्शन, दिखावे के स्थान पर सुधार और लोक-लुभावन घोषणाओं के स्थान पर जनहित को प्राथमिकता। सरकार ने इस बजट में लगभग 7 प्रतिशत की उच्च आर्थिक विकास दर को लक्ष्य बनाते हुए राजकोषीय अनुशासन और सामाजिक न्याय, दोनों के बीच संतुलन साधा है।

12 लाख 20 हजार करोड़ रुपये तक बढ़ाया गया पूंजीगत व्यय

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेश किए गए बजट में देश की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सार्वजनिक पूंजीगत व्यय को लगभग 12 लाख 20 हजार करोड़ रुपये तक बढ़ाया गया है। यह निवेश सड़कों, रेल, शहरी अवसंरचना, औद्योगिक कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करेगा। इसका सीधा लाभ हरियाणा को मिलेगा, क्योंकि हमारा राज्य दिल्ली-एनसीआर, औद्योगिक गलियारों और राष्ट्रीय राजमार्गों का केंद्र है। इस निवेश से न केवल विकास कार्य तेज़ होंगे, बल्कि लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

युवाओं के लिए विशेष योजना बनाई गई है

उन्होंने कहा कि बजट में युवाओं के लिए क्या है? इस पर बड़ी चर्चा हो रही है। केंद्र सरकार हमारे युवाओं को देश की सबसे बड़ी पूंजी मानती है। युवा कौशल विकास व शिक्षा क्षेत्र के लिए 1 लाख 39 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। देश के 1 लाख 50 हजार से अधिक युवाओं को नई उम्र की स्किल्स का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। इसलिए, केंद्रीय बजट में कौशल विकास, रोजगार और भविष्य की तकनीकों के लिए 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, बायोटेक और साइबर सिक्योरिटी जैसी तकनीकों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का विशेष फंड रखा गया है। इसका सीधा लाभ गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला और रोहतक जैसे शैक्षणिक व तकनीकी केंद्रों को मिलेगा, जहां हमारे युवा विश्व-स्तरीय अति-आधुनिक कौशल सीखकर उच्च-आय रोजगार प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप और उद्यमिता के लिए भी 7,500 करोड़ रुपये के प्रावधान से हरियाणा का स्टार्टअप इकोसिस्टम और मजबूत होगा। इससे प्रदेश में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और हमारा युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनेगा। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा भारत में स्टार्टअप की संख्या में चौथे बड़े राज्य के रूप में उभरा है। वर्तमान में, हरियाणा में 9,100 से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स हैं। प्रदेश में 19 यूनिकॉर्न कंपनियां हैं। इसके अलावा, 250 से अधिक फॉर्च्यून-500 कंपनियां भी यहां हैं।

उन्होंने कहा कि इससे भी अधिक खुशी की बात यह है कि लगभग 50 प्रतिशत स्टार्टअप महिलाएं चला रही हैं। प्रदेश सरकार ने ने अगले चरण में स्टार्टअप्स में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर 60 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य रखा है। यही नहीं, सरकार नीति आयोग के साथ मिलकर ‘विमेन आंत्रप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म’ का एक ‘स्टेट चैप्टर’ स्थापित कर रहे हैं। इससे महिला उद्यमियों को 700 से अधिक मेंटर्स, विशेष प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, बाजार तक पहुंच और इन्क्यूबेशन सहयोग प्राप्त होगा। सरकार ने हरियाणा में ‘हरियाणा राज्य स्टार्टअप नीति-2022’ लागू की है। प्रदेश सरकार स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने के लिए 2 हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स स्थापित करवाने जा रही हैं।

2 months ago | [YT] | 0

Lok Ground Talks Mediaa

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर गुरुग्राम में निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित

लगभग 56 अधिकारियों को निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण व पंजीकरण प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी

गुरुग्राम, रेवाड़ी व महेन्द्रगढ़ जिलों के अधिकारियों ने लिया भाग

गुरुग्राम, 04 फरवरी- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन कार्यालय गुरुग्राम द्वारा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में गुरुग्राम के एसडीएम परमजीत चहल, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, सोहना के एसडीएम अखिलेश, मण्डल आयुक्त कार्यालय, गुरुग्राम से ओएसडी सिमरन, सीटीएम सपना यादव, निर्वाचन तहसीलदार रजनीश सहरावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर एवं तहसीलदार रोहतक सरला कौशिक ने गुरुग्राम डिवीजन के अंतर्गत गुरुग्राम, रेवाड़ी तथा महेन्द्रगढ़ जिलों के निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में लगभग 56 अधिकारियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, प्रविष्टियों में संशोधन, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्वाचन कार्यों के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।

2 months ago | [YT] | 0

Lok Ground Talks Mediaa

डीसी अजय कुमार ने गांव जमालपुर में स्कूल के प्रस्तावित नए भवन व शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की


डीसी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, वर्तमान जरूरतों और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए स्कूल का नया भवन

गुरुग्राम, 04 फरवरी।डीसी अजय कुमार ने आज गांव जमालपुर स्थित गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दौरा कर वहां प्रस्तावित नए शैक्षणिक भवन को लेकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अब तक की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान डीसी ने संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लिया और कहा कि स्कूल के विकास से जुड़ी योजनाएं विद्यार्थियों की वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की जानी चाहिए।

डीसी ने कहा कि स्कूल के नए भवन का प्लान इस प्रकार तैयार किया जाए कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर भवन का विस्तार किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण के साथ-साथ शैक्षणिक वातावरण, खेल गतिविधियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी समुचित ध्यान रखा जाए, ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और अनुकूल शिक्षण माहौल मिल सके।

स्कूल शिक्षा विभाग से एसडीओ अकरम ने जानकारी दी कि स्कूल में योजना के प्रथम चरण के तहत दो फ्लोर के निर्माण का प्रस्ताव है। उन्होंने बताया कि इस चरण में दोनों फ्लोर पर कक्षाओं एवं प्रयोगशालाओं सहित आवश्यक शिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।

इस अवसर पर एसडीएम दिनेश लुहाच, शिक्षा विभाग से कार्यकारी अभियन्ता सुमित दलाल, एसडीओ अकरम, गांव के सरपंच मनीराम, स्कूल के प्राचार्य सत्यप्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

डीसी ने विद्यार्थियों से किया संवाद, लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने का दिया संदेश

डीसी अजय कुमार ने स्कूल के 10वीं एवं 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, विषय चयन और भविष्य की योजनाओं को लेकर बातचीत की तथा उन्हें शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर परिश्रम के महत्व को समझाया। डीसी ने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट होने से मेहनत को सही दिशा मिलती है और सफलता प्राप्त करना आसान होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, सकारात्मक सोच अपनाने और कठिन परिश्रम के बल पर अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

2 months ago | [YT] | 0

Lok Ground Talks Mediaa

जींद के खिलाड़ी अशोक कुमार ने गुजरात में जीता ब्रॉन्ज मेडल, सीनियर नेशनल बोशिया चैंपियनशिप में बढ़ाया मान

अहमदाबाद में आयोजित 10वीं सीनियर नेशनल बोशिया चैंपियनशिप 2025-26 में हरियाणा के जींद जिले के उचाना क्षेत्र के गुरुकुल खेड़ा गांव निवासी खिलाड़ी अशोक कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। उन्होंने यह उपलब्धि व्यक्तिगत बीसी-3 वर्ग में हासिल की। इस प्रतियोगिता में देशभर के 22 राज्यों से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया और कड़े मुकाबले देखने को मिले।

अशोक कुमार की इस सफलता से न केवल उनके गांव बल्कि पूरे जींद जिले में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता का आयोजन गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में किया गया, जहां कई दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, धैर्य और रणनीति का बेहतरीन प्रदर्शन किया। अशोक कुमार ने शुरुआती दौर से ही मजबूत खेल दिखाया और कई अनुभवी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि वे फाइनल में जगह नहीं बना सके, लेकिन कांस्य पदक जीतकर उन्होंने खुद को राष्ट्रीय स्तर पर साबित किया।

बोशिया एक पैरालंपिक खेल है, जिसमें सटीकता और मानसिक एकाग्रता की अहम भूमिका होती है। बीसी-3 वर्ग में खेलने वाले खिलाड़ी विशेष उपकरणों और सहयोग की मदद से खेलते हैं। अशोक कुमार ने सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार अभ्यास कर यह मुकाम हासिल किया। उनके कोच और परिजनों का कहना है कि अशोक बेहद अनुशासित खिलाड़ी हैं और रोजाना घंटों अभ्यास करते हैं।

अशोक कुमार की इस उपलब्धि पर स्थानीय खेल प्रेमियों, गांव के लोगों और खेल संगठनों ने उन्हें बधाई दी है। हरियाणा में पैरा खेलों को लेकर बढ़ते उत्साह के बीच यह सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनी है। गुरुकुल खेड़ा और उचाना क्षेत्र में उनके स्वागत की तैयारी की जा रही है।

खिलाड़ी अशोक कुमार ने अपनी जीत का श्रेय अपने माता-पिता, कोच और सहयोगियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह पदक उनकी मेहनत का परिणाम है और वे भविष्य में गोल्ड मेडल जीतने के लक्ष्य के साथ अभ्यास जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि सरकार और खेल विभाग की ओर से उन्हें आगे और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें।

2 months ago | [YT] | 0

Lok Ground Talks Mediaa

रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर भौंडसी, गुरुग्राम में आर्म्स एंड एम्युनिशन सेफ्टी ट्रेनिंग कोर्स का आयोजन

फरवरी–मार्च माह में विभिन्न स्लॉट्स में संचालित होगा प्रशिक्षण

सेफ्टी फोर्सेज, प्राइवेट सिक्योरिटी पर्सनल व लाइसेंसी आर्म्स होल्डर्स के लिए उपयोगी

27 जनवरी से ऑनलाइन एप्लीकेशन शुरू

गुरुग्राम, 22 जनवरी- रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर भौंडसी (गुरुग्राम) द्वारा आर्म्स एंड एम्युनिशन सेफ्टी ट्रेनिंग कोर्स का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम फरवरी और मार्च 2026 के दौरान निर्धारित विभिन्न स्लॉट्स में आयोजित होगा।

प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि फरवरी माह में आर्म्स एंड एम्युनिशन सेफ्टी ट्रेनिंग कोर्स के कुल 8 स्लॉट निर्धारित किए गए हैं, जो 2 से 4 फरवरी, 5 से 7 फरवरी, 9 से 11 फरवरी, 12 से 14 फरवरी, 16 से 18 फरवरी, 19 से 21 फरवरी, 23 से 25 फरवरी तथा 26 से 28 फरवरी तक संचालित किए जाएंगे। वहीं मार्च माह में इस कोर्स के कुल 4 स्लॉट रखे गए हैं, जो 5 से 7 मार्च, 9 से 11 मार्च, 12 से 14 मार्च और 16 से 18 मार्च तक आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक स्लॉट में 30 प्रतिभागियों के लिए सीटें निर्धारित की गई हैं।

इस ट्रेनिंग कोर्स का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को इस विशेष प्रशिक्षण का उददेश्य प्रतिभागियों को शस्त्रों और गोला-बारूद की सरक्षा, संचालन, रख-रखाव, और जिम्मेदार उपयोग के बारे में गहन जानकारी और व्यावहारिक अन्भव प्रदान करना है। यह प्रशिक्षण पाठ्यक्रम सुरक्षा बलों, निजी सुरक्षाकर्मियों, लाइसंसी शस्त्रधारकों तथा उन इच्छुक नागरिकों। के लिए उपयुक्त है, जो कानूनी रूप से हथियार रखते हैं या उनसे संबंधित कार्य करते हैं।

इस प्रशिक्षण की अवधि तीन दिन की होगी। प्रतिभागियों की रिपोर्टिंग टाइम सुबह 9:00 बजे रहेगा, जबकि ट्रेनिंग सेशंस सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक थ्योरी और प्रैक्टिकल मोड में संचालित किए जाएंगे। ट्रेनिंग के लिए एप्लीकेशन 27 जनवरी 2026 से सुबह 9:00 बजे से शुरू होंगी। इच्छुक उम्मीदवार हरियाणा पुलिस की ऑफिशियल वेबसाइट haryanapolice.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन एप्लाई कर सकते हैं।

सभी संबंधित विभागों, सुरक्षाकर्मियों एवं नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय रहते रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें और इस उपयोगी व महत्वपूर्ण ट्रेनिंग प्रोग्राम का अधिकतम लाभ उठाएं।

2 months ago | [YT] | 0

Lok Ground Talks Mediaa

भौंडसी बीएसएफ कैंप में दीक्षांत परेड में पहुंचे विधायक मुकेश शर्मा, नव-प्रशिक्षित जवानों का बढ़ाया हौसला

गुरुग्राम, 22 जनवरी: गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा जी ने भौंडसी (गुरुग्राम) स्थित 95 बटालियन, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में आयोजित दीक्षांत पासिंग परेड में सहभागिता कर नव-प्रशिक्षित जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस गरिमामयी अवसर पर उन्होंने देश की सेवा के लिए समर्पित इन वीर सपूतों के जज़्बे, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

विधायक श्री मुकेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवानों के साहस, त्याग और बलिदान के कारण ही देशवासी अपने घरों में सुरक्षित जीवन जी पाते हैं। उन्होंने कहा, “हम तभी चैन की नींद सो पाते हैं, जब हमारे जांबाज़ जवान सीमाओं पर डटे रहते हैं। आप सभी भारत की सुरक्षा की सबसे मजबूत ढाल हैं।” उन्होंने सभी जवानों को शत्-शत् सलाम करते हुए “जय हिंद” का उद्घोष किया।

कार्यक्रम के दौरान श्री शर्मा ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया और समाज के प्रत्येक नागरिक से प्रकृति संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर आईजी श्री अवतार सिंह जी सहित कई गणमान्यों की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। परेड के दौरान अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। कार्यक्रम ने नव-प्रशिक्षित जवानों में राष्ट्र सेवा के प्रति और अधिक उत्साह व आत्मविश्वास का संचार किया।

समारोह के अंत में विधायक मुकेश शर्मा ने बीएसएफ के अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं जवानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

2 months ago | [YT] | 0